ऋषिकेश : टिहरी गढ़वाल जिले में सिंगटाली पुल के पास गंगा नदी में नहाते समय दिल्ली के दो युवक तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों युवकों की तलाश में सर्च अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार…दिल्ली से छह युवकों का एक समूह घूमने के लिए उत्तराखंड आया था। सभी युवक सिंगटाली पुल के पास गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और तेज धारा की चपेट में आकर बह गए। उनके साथियों ने तुरंत पुलिस और जिला कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीमें आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों और डीप डाइवर्स के साथ मौके पर पहुंचीं। नदी में संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की जा रही है। लापता युवकों की पहचान 26 वर्षीय प्रेम…निवासी बुराड़ी (नई दिल्ली) और 26 वर्षीय राजन…निवासी संगम विहार (दिल्ली) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी दोनों के परिजनों को भी दे दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है और तेज बहाव के चलते रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं। इसके बावजूद एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार खोज अभियान चला रही हैं।
एसडीआरएफ ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदियों के किनारे और तेज बहाव वाले स्थानों पर स्नान करने से बचें। केवल सुरक्षित और अधिकृत घाटों पर ही स्नान करें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
