ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चंपावत: चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में एक टैक्सी चालक के साथ कथित तौर पर मारपीट और सार्वजनिक अपमान का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई। पुलिस ने मामले में शिकायत मिलने के बाद चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, लोहाघाट से दिल्ली रूट पर यात्रियों को पुरानी दरों पर सेवा देने वाले एक टैक्सी चालक का कुछ अन्य चालकों से किराए को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि देवराड़ी बैंड के पास चालक का वाहन रोककर उसके साथ मारपीट की गई और अभद्र व्यवहार किया गया।

पीड़ित चालक का आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने उसके गले में जूतों की माला डालकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

यह भी पढ़ें 👉  मालधानचौड़:: राजकीय महाविद्यालय में एनएसएस द्वारा मेरी माटी मेरा देश अभियान कार्यक्रम का उद्घाटन

चालक ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह लंबे समय से पुराने किराए पर यात्रियों को सेवा दे रहा था। ईंधन की कीमतें बढ़ने के बावजूद उसने किराया नहीं बढ़ाया…जिससे यात्रियों को राहत मिल रही थी। उसका आरोप है कि इसी वजह से कुछ लोग उससे नाराज थे।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ गाली-गलौज की गई, धमकियां दी गईं और आर्थिक दबाव बनाने की कोशिश की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल टाइम्स :: आपदा प्रबंधन के अंतर्गत आगामी मानसून सत्र को दृष्टिगत रखते हुए तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ की बैठक

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग पीड़ित चालक के समर्थन में सामने आए। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए और किसी व्यक्ति का सार्वजनिक अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता।

इस घटना के बाद टैक्सी किराया व्यवस्था और परिवहन नियमों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।