देहरादून: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को ठगने के लिए फर्जी दस्तावेज और ईमेल भेजने का मामला सामने आया है। हल्द्वानी नगर निगम में क्लर्क और कनिष्ठ सहायक पद पर भर्ती के नाम से एक फर्जी मेरिट लिस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें 11 अभ्यर्थियों के नाम लिखे गए हैं और उनके चयन का दावा किया गया है।
फर्जी मेरिट लिस्ट में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) का नाम और आयोग के सचिव के हस्ताक्षर तक दिखाए गए हैं…इसके साथ ही कुछ अभ्यर्थियों को ईमेल भेजकर बताया गया कि उनका क्लर्क पद पर चयन हो गया है और उन्हें इंटरव्यू के लिए हल्द्वानी नगर निगम बुलाया गया है।
ईमेल में अभ्यर्थियों को 29 अगस्त की सुबह 10 बजे नगर निगम हल्द्वानी पहुंचने के लिए कहा गया साथ ही इंटरव्यू के दौरान जरूरी दस्तावेज लाने की बात भी लिखी गई थी।
मामला सामने आने के बाद जब आयोग से इस मेरिट लिस्ट और ईमेल की जानकारी ली गई तो आयोग ने इसे पूरी तरह फर्जी बताया। आयोग ने स्पष्ट किया कि उसकी ओर से ऐसी कोई मेरिट लिस्ट जारी नहीं की गई है और न ही इस तरह के ईमेल अभ्यर्थियों को भेजे गए हैं।
UKSSSC अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे फर्जी दस्तावेजों और ईमेल के झांसे में न आएं। अगर किसी अभ्यर्थी को इस तरह का ईमेल मिलता है या कोई व्यक्ति भर्ती के नाम पर संपर्क करता है…तो तुरंत पुलिस में शिकायत करें।
आयोग के अनुसार कनिष्ठ सहायक पदों पर भर्ती प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है और इसका परिणाम भी जारी किया जा चुका है। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती की प्रक्रिया भी पहले शुरू हो चुकी है। ऐसे में अब वायरल हो रही नई मेरिट लिस्ट पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
युवाओं के लिए जरूरी सलाह
– किसी भी फर्जी मेरिट लिस्ट पर भरोसा न करें।
– भर्ती के नाम पर पैसे की मांग होने पर तुरंत सावधान हो जाएं।
– आयोग की आधिकारिक जानकारी के बिना किसी ईमेल या पत्र को सही न मानें।
– संदिग्ध ईमेल या फोन नंबर की जानकारी पुलिस को दें।
