रामनगर : उत्तराखंड के रामनगर में वन विभाग ने लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर वन अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लखविंदर के रूप में हुई है…उसके खिलाफ वन अपराधों के 23 मामले दर्ज बताए गए हैं।
वन विभाग के अनुसार…उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग आरक्षित जंगल में अवैध रूप से पेड़ काटने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद टीम ने पहले से घेराबंदी की। जैसे ही आरोपी अपने साथियों के साथ जंगल में पहुंचा…उसे मौके पर पकड़ लिया गया। हालांकि उसके दो साथी वहां से फरार हो गए।
अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी पर साल 2020 से अब तक कई वन अपराध दर्ज हैं…उस पर सागौन, शीशम और खैर जैसे कीमती पेड़ों की अवैध कटाई और तस्करी के आरोप हैं। वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था।
वन विभाग अब आरोपी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रहा है…उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव भी भेजा जा रहा है।
वन विभाग ने कहा है कि जंगलों और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
