ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम का आयोजन ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत किया गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से राज्य के विकास और उनके भविष्य से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर जिले के अलग-अलग स्कूलों से करीब 800 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, पर्यावरण, तकनीक, स्टार्टअप और पलायन जैसे विषयों पर अपने विचार मुख्यमंत्री के सामने रखे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की युवा पीढ़ी राज्य के भविष्य को लेकर जागरूक है। विद्यार्थियों की सोच और उनके सुझाव आने वाले समय में प्रदेश के विकास की दिशा तय करने में उपयोगी साबित हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  सीएम धामी ने खुद संभाली योजनाओं की कमान, किसानों से लेकर महिलाओं तक को मिला सीधा लाभ

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को पढ़ाई के साथ रोजगार, कौशल विकास, नवाचार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलें। इसके लिए शिक्षा, पर्यटन, कृषि, खेल और तकनीक समेत कई क्षेत्रों में काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को विद्यार्थियों का अच्छा समर्थन मिला है। अभियान के तहत प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं।

उन्होंने कहा कि इन विचारों से पता चलता है कि प्रदेश के छात्र उत्तराखंड के विकास और भविष्य को लेकर गंभीरता से सोच रहे हैं। सरकार इन सुझावों को विकास की दिशा से जोड़ने का प्रयास करेगी।

यह भी पढ़ें 👉  लोकायुक्त की नियुक्ति पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार को मिला सिर्फ 2 हफ्ते का समय; जानिए क्या है पूरा मामला

मुख्यमंत्री ने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने देहरादून में तैयार की गई साइंस सिटी का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उन्हें विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देना है।

उन्होंने छात्रों से कहा कि नेतृत्व केवल राजनीति तक सीमित नहीं है। विज्ञान, खेल, चिकित्सा, मीडिया और उद्योग जैसे क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाले युवा भी अपने क्षेत्र में नेतृत्व कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को राखी पर्व की शुभकामनाएं भी दीं और उन्हें राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।