ख़बर शेयर करें -

रामनगर : उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (यूबीएसई) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। परीक्षा में शामिल होने वाले नियमित और व्यक्तिगत दोनों श्रेणी के विद्यार्थियों को तय समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। परिषद ने आवेदन, शुल्क जमा करने और दस्तावेज भेजने का पूरा कार्यक्रम भी जारी कर दिया है।

परिषद के अनुसार इस वर्ष भी सभी आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। विद्यालय अपने यहां अध्ययनरत नियमित विद्यार्थियों के साथ-साथ व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का विवरण परिषद के पोर्टल पर अपलोड करेंगे। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरा डाटा ऑनलाइन ही बोर्ड कार्यालय भेजा जाएगा…जहां उसकी जांच की जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  11 दिन से लापता युवक का मिला कंकाल परिजनों का फूटा गुस्सा

नियमित (संस्थागत) विद्यार्थियों के लिए आवेदन पत्र भरने और निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है। वहीं व्यक्तिगत परीक्षार्थी 14 अगस्त तक सामान्य शुल्क के साथ आवेदन कर सकेंगे।

यदि कोई व्यक्तिगत अभ्यर्थी निर्धारित तिथि के बाद आवेदन करता है तो उसे अतिरिक्त 150 रुपये विलंब शुल्क देना होगा। ऐसे आवेदन स्वीकार करने और बोर्ड कार्यालय भेजने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित की गई है।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव वीपी सिमल्टी ने बताया कि सभी विद्यालयों को समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। आवेदन ऑनलाइन प्राप्त होने के बाद परिषद उनकी जांच करेगी और किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर संबंधित विद्यालय को आवश्यक सुधार के लिए सूचित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  हरिद्वार में संत सम्मेलन में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बोले- संत समाज भारतीय संस्कृति और राष्ट्र चेतना का आधार

उन्होंने कहा कि परीक्षा शुल्क में इस वर्ष कोई बदलाव नहीं किया गया है और पहले से लागू शुल्क ही प्रभावी रहेगा। साथ ही विद्यालयों और विद्यार्थियों से अपील की गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा कर लें, ताकि तकनीकी दिक्कतों या अन्य कारणों से किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा समाप्त होने के बाद निर्धारित नियमों के अनुसार ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। ऐसे में परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक सभी विद्यार्थियों को निर्धारित तिथियों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।