देहरादून : उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने 19 और 20 जुलाई के लिए कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) के अनुसार, बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में 58 सड़कें बंद हैं। इनमें एक राष्ट्रीय राजमार्ग, एक राज्य मार्ग, 25 लोक निर्माण विभाग (PWD) की सड़कें और 31 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। सबसे अधिक सड़कें पिथौरागढ़, पौड़ी, बागेश्वर और देहरादून जिलों में प्रभावित हैं।
बारिश के चलते कई हादसे भी सामने आए हैं। विकासनगर के डाकपत्थर क्षेत्र में यमुना नदी में डूबे युवक का शव बरामद किया गया है…वहीं ऋषिकेश में गंगा नदी में बह गए 12 वर्षीय बालक का शव भी जल पुलिस ने खोज निकाला। उत्तरकाशी के पुरोला क्षेत्र में मलबे में डंपर गिरने से चालक घायल हो गया…जिसे इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 19 जुलाई को नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर में कहीं-कहीं बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है…वहीं देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और बागेश्वर में भी भारी बारिश का अनुमान है।
20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों में अत्यंत भारी बारिश, तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है लगातार बारिश से भूस्खलन, सड़कें बंद होने, नदियों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बना हुआ है।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करें नदी-नालों से दूर रहें और प्रशासन व मौसम विभाग की सलाह का पालन करें किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन 1070 या स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।
