चमोली। पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को रेस्क्यू टीम ने एक और श्रमिक को टनल से बाहर निकाला। उसे तुरंत जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।
13 अगस्त को टनल में मलबा और पानी आने के बाद कई श्रमिक अंदर फंस गए थे। हादसे के बाद से लापता दो श्रमिकों में से एक का शव अब बरामद हो चुका है। वहीं एक श्रमिक की तलाश अभी भी जारी है।
रेस्क्यू टीमें लापता श्रमिक को खोजने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। NDRF और SDRF समेत अन्य एजेंसियां अभियान में जुटी हुई हैं।
रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल में जमा पानी और मलबे को बाहर निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए सक्शन पंपों की मदद ली जा रही है। टीमों ने टनल के उन हिस्सों में भी सर्च बढ़ा दिया है…जहां लापता श्रमिक के होने की संभावना जताई जा रही है।
रेस्क्यू टीम के सामने टनल के अंदर जमा स्लज, पानी और मलबा बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
यह हादसा 13 अगस्त को विष्णुगाड़-पीपलकोटी परियोजना की निर्माणाधीन टनल में हुआ था। काम के दौरान अचानक मलबा आने से 22 श्रमिक अंदर फंस गए थे।
रेस्क्यू अभियान के दौरान 12 घायल श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया था। इसके बाद टनल में फंसे और लापता श्रमिकों की तलाश जारी रही।
अब तक इस हादसे में 9 श्रमिकों की मौत हो चुकी है, जबकि एक श्रमिक अभी भी लापता है। उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
