पिथौरागढ़/देहरादून। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इनर लाइन परमिट (ILP) जारी करने की प्रक्रिया भी अगले आदेश तक बंद कर दी गई है।
जिला प्रशासन पिथौरागढ़ ने बताया कि मानसून के दौरान पहाड़ों में भूस्खलन, सड़क बंद होने और अन्य खतरे बढ़ जाते हैं। इसी कारण यह फैसला लिया गया है ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने और नए आदेश तक यात्रा की योजना न बनाएं। साथ ही असुविधा के लिए खेद भी जताया गया है।
जानकारी के अनुसार 1 जुलाई 2026 तक जारी किए गए पास की संख्या 103 रही, जबकि इस साल अब तक कुल 52,441 इनर लाइन परमिट जारी किए जा चुके हैं।
मौसम विभाग ने पहले ही 1 से 4 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश से कई जगह सड़कें बंद हैं और यात्रा प्रभावित हो रही है।
