देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में इन दिनों विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कराए जाने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में यह भी कहा जा रहा है कि चुनाव 2026 के अंत में हो सकते हैं।
इन्हीं चर्चाओं पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थिति साफ की है। उन्होंने कहा कि अभी तक सरकार को इस तरह की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है और न ही चुनाव समय से पहले कराने को लेकर कोई तैयारी चल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव का फैसला चुनाव आयोग करता है और सभी को उसके निर्देशों का पालन करना होता है…लेकिन फिलहाल समय से पहले चुनाव को लेकर कोई जानकारी नहीं है।
क्यों उठ रही हैं ये चर्चाएं
उत्तराखंड विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में पूरा होना है। ऐसे में सामान्य रूप से चुनाव 2027 की शुरुआत में होने हैं।
हाल के दिनों में राजनीतिक दलों के नेताओं के दौरे, एसआईआर प्रक्रिया की तेजी और 2027 में प्रस्तावित हरिद्वार कुंभ को देखते हुए राजनीतिक अटकलें तेज हो गई थीं कि चुनाव समय से पहले हो सकते हैं।
हालांकि मुख्यमंत्री के बयान के बाद इन सभी चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है।
