उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले के नौगांव विकासखंड के बलाड़ी गांव में सांप के काटने से 58 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। दुखद बात यह है कि महिला के पति का भी करीब छह महीने पहले निधन हो गया था…जिससे परिवार पर एक और बड़ा दुख आ पड़ा है।
जानकारी के अनुसार…बलाड़ी गांव निवासी सुगंधरा देवी शनिवार को अपने टमाटर के खेत में निराई-गुड़ाई कर रही थीं। इसी दौरान खेत में छिपे एक जहरीले सांप ने उनके हाथ पर काट लिया। सांप के काटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगांव लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि सुगंधरा देवी मेहनती और मिलनसार स्वभाव की थीं। उनके पति भरत सिंह होमगार्ड विभाग में कार्यरत थे और करीब छह महीने पहले हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया था। पति की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी सुगंधरा देवी पर थी। अब उनके निधन से परिवार गहरे सदमे में है।
घटना पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही ग्रामीणों ने क्षेत्र में सर्पदंश से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने और ग्रामीण अस्पतालों में एंटी-स्नेक वेनम सहित जरूरी इलाज की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बरसात के मौसम में खेतों, झाड़ियों और घास वाले इलाकों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सांप दिखाई देने पर उसे मारने की कोशिश न करें…बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें। यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले…तो झाड़-फूंक या घरेलू उपचार करने के बजाय बिना देर किए उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाना सबसे सुरक्षित और प्रभावी उपाय है।
