श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) : पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पौड़ी चुंगी के पास ओवरटेक को लेकर बड़ा विवाद हो गया। यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि स्थानीय युवकों और राजस्थान से आए यात्रियों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई। घटना में तीन स्थानीय युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार…सड़क पर वाहन ओवरटेक करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। शुरुआत में मामूली लग रहा विवाद कुछ ही देर में बढ़ता गया और श्रीयंत्र टापू क्षेत्र तक पहुंचते-पहुंचते हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि राजस्थान से आए कार सवार यात्रियों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया…जिसके बाद स्थानीय युवकों पर हमला किया गया। इस दौरान डंडों और पत्थरों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। मारपीट में तीन स्थानीय युवक घायल हो गए…जिनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
यह भी आरोप है कि झड़प के दौरान एक स्थानीय युवक के हाथ पर काटने की घटना भी हुई…जिससे उसे चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान से आए 10 यात्रियों को हिरासत में लिया है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा हालांकि पुलिस की मौजूदगी के चलते स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
