नैनीताल : मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक इन दिनों सरोवर नगरी नैनीताल पहुंच रहे हैं। वीकेंड शुरू होते ही शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर रौनक लौट आई है। नैनी झील में नौकायन का आनंद लेने वालों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जबकि मालरोड पर दिनभर पर्यटकों की चहल-पहल बनी रही।
शनिवार सुबह से ही नैनी झील, मालरोड, स्नो व्यू, टिफिन टॉप…केव गार्डन और हिमालय दर्शन प्वाइंट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। सुहावने मौसम और हल्की ठंड का आनंद लेने के लिए लोग परिवार के साथ घूमते नजर आए। नौकायन के लिए पर्यटकों को लंबा इंतजार करना पड़ा और मालरोड पर पैदल चलने तक में भीड़ का असर दिखाई दिया।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या का सकारात्मक असर स्थानीय कारोबार पर भी देखने को मिला। होटल और गेस्ट हाउस संचालकों के अनुसार वीकेंड पर अधिकांश होटल करीब 70 प्रतिशत तक बुक हो चुके हैं। रेस्टोरेंट, कैफे, टैक्सी सेवा और स्थानीय हस्तशिल्प की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी आवाजाही रही, जिससे व्यापारियों के चेहरों पर खुशी लौट आई है।
कारोबारियों का कहना है कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य मैदानी राज्यों में बढ़ती गर्मी के कारण आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है। वहीं हाल ही में नीट परीक्षा समाप्त होने के बाद भी कई परिवार बच्चों के साथ छुट्टियां मनाने नैनीताल पहुंच रहे हैं।
हालांकि पर्यटकों की भीड़ बढ़ने से शहर में ट्रैफिक का दबाव भी काफी बढ़ गया है। मालरोड और शहर के प्रवेश मार्गों पर कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस लगातार व्यवस्था संभालने में जुटी रही।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा संचालित की जा रही है। वहीं नैनीताल की पार्किंग पूरी भरने के बाद पर्यटकों को भी शटल सेवा के जरिए शहर तक पहुंचाया जा रहा है। जिन पर्यटकों की पहले से होटल बुकिंग है…उन्हें सीधे शहर में प्रवेश की सुविधा दी जा रही है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
