देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दूसरे चरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर नोटिस वितरण और सुनवाई की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने हैं उन्हें समय पर सूचना मिले और सुनवाई के लिए पर्याप्त समय भी दिया जाए। साथ ही पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
निर्वाचन विभाग के अनुसार सभी जिलों में नोटिस की छपाई पूरी कर उन्हें निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ERO) और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) तक पहुंचा दिया गया है। कई स्थानों पर सुनवाई की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी पात्र मतदाता को असुविधा न हो और सभी मामलों का तय समय में निस्तारण किया जाए। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी सहित सभी जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।
