उत्तरकाशी। उत्तराखंड के कई गांवों में आज भी सड़क सुविधा की कमी लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। इसका ताजा मामला मोरी विकासखंड की ग्राम पंचायत पोखरी से सामने आया है, जहां एक घायल महिला को ग्रामीणों ने चार किलोमीटर तक पीठ पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय संगीता खेत में काम कर रही थीं…तभी पैर फिसलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया। गांव तक सड़क न होने के कारण परिजनों और ग्रामीणों को उन्हें चारपाई और कपड़ों के सहारे अस्थायी स्ट्रेचर बनाकर पैदल ही मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ा।
मुख्य सड़क तक पहुंचने के बाद महिला को वाहन से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद फ्रैक्चर की पुष्टि की और आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति कोई नई नहीं है। गांव में किसी के बीमार होने, प्रसव या दुर्घटना की स्थिति में मरीजों को इसी तरह कठिन रास्तों से ले जाना पड़ता है।
लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं और समय पर इलाज न मिलने से गंभीर खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण शुरू करने की मांग की है।
अधिकारियों के अनुसार सड़क का सर्वे पूरा हो चुका है और आगे की प्रक्रिया जारी है…जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
