ऋषिकेश: उत्तराखंड के टिहरी जिले के शिवपुरी क्षेत्र में यूसुफ घाट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से घूमने आए एक युवक के गंगा नदी में डूबकर लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया।
नहाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी राहुल चौहान (25) अपने 6 दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। सभी दोस्त यूसुफ घाट पर नहाने के लिए गए थे…जो कि प्रतिबंधित क्षेत्र बताया जाता है।
नहाते समय राहुल गहरे पानी में चला गया और अचानक डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की…लेकिन वह तेज बहाव में बह गया।
SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। डीप डाइविंग टीम ने देर शाम तक तलाश की…लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
अब सोमवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।
चेतावनी के बावजूद पहुंचा था घाट पर
बताया जा रहा है कि यूसुफ घाट पर पहले से ही स्नान और घूमने पर रोक लगी हुई है और चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद पर्यटक वहां पहुंचे…जिसके चलते यह हादसा हुआ।
परिवार को सूचना
मुनिकीरेती पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पूरे क्षेत्र में घटना के बाद शोक और चिंता का माहौल है।
