रुद्रपुर। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नशे की लत से जूझ रहे एक युवक को इलाज के लिए ले जाने पहुंची नशा मुक्ति केंद्र की टीम पर कथित तौर पर तलवार से हमला कर दिया गया। इस हमले में टीम के एक सदस्य की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र की टीम बाजपुर के मुंडिया पिस्तौर गांव में एक युवक को उपचार के लिए अपने साथ ले जाने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि परिवार की सहमति से युवक को ले जाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान युवक अचानक उग्र हो गया और उसने धारदार हथियार से टीम पर हमला कर दिया।
हमले में टीम का एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की…लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी युवक को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही घटना के समय मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं…ताकि सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सके।
