रुड़की: उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने हरिद्वार जिले में बड़ी कार्रवाई की है। पिरान कलियर क्षेत्र में एक कॉस्मेटिक दुकान की आड़ में नशीली दवाओं का अवैध कारोबार करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान टीम ने प्रतिबंधित दवाओं का बड़ा जखीरा भी बरामद किया।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ और ड्रग विभाग की टीम ने कई संदिग्ध स्थानों और गोदामों पर एक साथ छापेमारी की। जांच के दौरान एक कॉस्मेटिक जनरल स्टोर से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल और करीब 3.9 किलोग्राम कोडीन युक्त सिरप बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अहतशाम उल हक निवासी बुड्ढा हैड़ी, थाना पथरी, हरिद्वार के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी मेडिकल दवाओं को अवैध रूप से ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमा रहा था।
प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी का संबंध पहले बरामद किए गए 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल के मामले से भी जुड़ा हो सकता है। अब एसटीएफ पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हो चुके हैं और वह नशीली दवाओं की तस्करी के आरोप में जेल भी जा चुका है। इसके बावजूद उसने फिर से अवैध कारोबार शुरू कर दिया था।
एसटीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं नशीली दवाओं की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या एसटीएफ को दें…ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
