देहरादून: उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून राज्य के अधिकांश हिस्सों में पहुंच चुका है और अगले कुछ दिनों में पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। इसे देखते हुए एक से चार जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार एक जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भी कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, चट्टान गिरने, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है। निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी पैदा हो सकती है। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और चारधाम यात्रियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने को कहा गया है।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं…ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जा सकें। मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा अपडेट पर लगातार नजर रखने की भी सलाह दी गई है।
