ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। भैंस चोरी के मामले में पुलिस कार्रवाई से नाराज एक पशुपालक ने मंगलवार को गदरपुर कोतवाली परिसर में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम बमनपुरी निवासी राजेंद्र सिंह की कुछ समय पहले तीन भैंसें चोरी हो गई थीं। इस मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी और एक वाहन बरामद करने की बात कही थी…लेकिन पीड़ित का आरोप है कि उसे अब तक पूरी तरह न्याय नहीं मिला है।

यह भी पढ़ें 👉  स्टोन क्रशर संचालन पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक

राजेंद्र सिंह का कहना है कि चोरी के मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने पहले भी वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। शिकायत में कुछ पुलिसकर्मियों के व्यवहार और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।

बताया जा रहा है कि लंबे समय से मामले के समाधान का इंतजार कर रहे पशुपालक ने खुद को निराश महसूस किया। इसी बीच मंगलवार को वह गदरपुर कोतवाली पहुंचा और वहीं जहरीला पदार्थ निगल लिया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल : राज्य स्थापना दिवस पर रोटरी क्लब नैनीताल ने पर्यटकों के लिए लगाई 13 बेंच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिसकर्मियों और मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। बाद में हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

कोतवाली परिसर में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।