देहरादून। देहरादून में करोड़ों रुपये के बैंक घोटाले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य सहकारी बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए करोड़ों रुपये का लोन स्वीकृत कराकर बैंक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक की मुख्य शाखा में कराए गए फॉरेंसिक ऑडिट के दौरान वर्ष 2013 से 2016 के बीच बैंक के रिकॉर्ड और लेजर प्रविष्टियों में गंभीर वित्तीय गड़बड़ियां सामने आईं। जांच में पता चला कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक महाबीर सिंह ने अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर बैंक में फर्जी प्रविष्टियां कीं और धनराशि का गलत तरीके से इस्तेमाल किया।
मामले में बैंक के वर्तमान शाखा प्रबंधक द्वारा मई 2026 में नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने 20 जेसीबी मशीनों की खरीद के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक से करीब 4 करोड़ 80 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराया। बाद में इस धनराशि का कथित रूप से गबन कर लिया गया।
पुलिस ने मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद मुख्य आरोपी महाबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस पूरे घोटाले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
नगर कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
