देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पीड़ित युवक ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार घटना 9 जून की रात ऋषि नगर क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि कुछ लोग कार से वहां पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी एक स्थानीय दिव्यांग युवक से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवक के साथ मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को सड़क पर गिराकर कई लोगों ने लात-घूंसों से पीटा। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। मारपीट के बाद आरोपी मौके से कार में सवार होकर चले गए।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना के समय कुछ लोग दो वाहनों में सवार होकर इलाके में आए थे। विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई..जिससे उसे चोटें आई हैं। पीड़ित ने पुलिस को घटना का वीडियो और मेडिकल रिपोर्ट भी सौंपी है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही सभी संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
