देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने नीट प्रवेश परीक्षा की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार के निर्देश पर उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण बसों में परीक्षार्थियों को निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
यह सुविधा 21 जून को आयोजित परीक्षा के लिए लागू रहेगी। परिवहन निगम के अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपने घर से परीक्षा केंद्र तक और परीक्षा के बाद वापस घर लौटने के लिए इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि केवल उत्तराखंड के निवासी परीक्षार्थी ही इस सुविधा के पात्र होंगे। यात्रा के दौरान प्रवेश पत्र ही टिकट के रूप में मान्य होगा। अभ्यर्थी चाहें तो मोबाइल में मौजूद प्रवेश पत्र की सॉफ्ट कॉपी भी दिखा सकते हैं।
परिवहन निगम ने सभी डिपो प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार बसों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस फैसले से दूर-दराज के क्षेत्रों से परीक्षा देने आने वाले छात्रों को आर्थिक राहत मिलेगी।
