देहरादून। राज्य में प्रशिक्षित शिक्षकों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से डीएलएड प्रवेश परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है। हालांकि अंतिम निर्णय लेने से पहले शिक्षा विभाग अन्य राज्यों की परीक्षा प्रणाली का अध्ययन करेगा।
वर्तमान में उत्तराखंड के 13 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) में कुल 650 सीटें उपलब्ध हैं। हर वर्ष हजारों अभ्यर्थी इन सीटों के लिए आवेदन करते हैं…जबकि सीटों की संख्या सीमित होने के कारण अधिकांश उम्मीदवारों को मौका नहीं मिल पाता।
पिछले शैक्षणिक सत्र में लगभग 65 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। दूसरी ओर, राज्य में हर साल बड़ी संख्या में प्राथमिक शिक्षक सेवानिवृत्त हो रहे हैं…जिससे प्रशिक्षित शिक्षकों की मांग लगातार बढ़ रही है।
शिक्षा विभाग का मानना है कि यदि परीक्षा वर्ष में दो बार आयोजित की जाती है तो अधिक संख्या में प्रशिक्षित शिक्षक तैयार किए जा सकेंगे। अध्ययन रिपोर्ट मिलने के बाद प्रस्ताव सरकार को भेजा जाएगा।
