नैनीताल। उत्तराखंड के पर्यटन नगरी नैनीताल में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मल्लीताल क्षेत्र में जल संस्थान का एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे चल रही दिल्ली की दो महिला पर्यटकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं..जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना मल्लीताल के पुराने घोड़ा स्टैंड के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जल संस्थान का ट्रक पहले एक वाहन से टकराया। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रक तेजी से आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे मौजूद लोगों की ओर चला गया। इसी दौरान दिल्ली से घूमने आई मां और बेटी उसकी चपेट में आ गईं।
हादसा इतना गंभीर था कि एक महिला का हाथ और दूसरी महिला का पैर ट्रक के पहिए के नीचे आकर बुरी तरह घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान दिल्ली निवासी 42 वर्षीय रितु डांग और 20 वर्षीय भारवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों नैनीताल घूमने आई थीं। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। वहीं चालक घटना के बाद स्वयं कोतवाली पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर भारी वाहनों के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
