ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने 14 जून को होने वाली स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सलाह जारी की है। आयोग ने मौसम, चारधाम यात्रा, धार्मिक आयोजनों और वीकेंड ट्रैफिक को देखते हुए उम्मीदवारों से परीक्षा केंद्र वाले शहर में एक दिन पहले पहुंचने की अपील की है।

आयोग का कहना है कि राज्य के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय होने लगा है…और मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में भारी बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। ऐसे में सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है…और कई स्थानों पर मार्ग बाधित होने की आशंका भी बनी हुई है।

इसके साथ ही उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पूरे जोर पर चल रही है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जाने वाले मार्गों पर लगातार वाहनों की आवाजाही बढ़ी हुई है। वहीं नैनीताल क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों और सप्ताहांत के कारण भी पर्यटकों की संख्या अधिक रहने की संभावना है। इससे प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बन सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में सैक्स रैकेट का भंडाफोड़, पुलिस ने आठ आरोपियों को किया गिरफ्तार

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा वाले दिन किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए पहले से यात्रा की योजना बनाएं और परीक्षा केंद्र का स्थान भी पहले देख लें। इससे अंतिम समय में होने वाली दिक्कतों से बचा जा सकेगा।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को समय का विशेष ध्यान रखना चाहिए। मौसम या ट्रैफिक के कारण देरी होने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश प्रभावित हो सकता है। इसलिए सुरक्षित और समय पर पहुंचना अभ्यर्थियों की जिम्मेदारी है।

यह भी पढ़ें 👉  थानो जामा मस्जिद मामले में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला! तीन महीने में निर्णय लेने के दिए निर्देश

उम्मीदवारों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन, पुलिस कंट्रोल रूम और आपदा प्रबंधन विभाग के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं…ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके।

आयोग ने कहा कि लाखों युवाओं का भविष्य इस परीक्षा से जुड़ा है। इसलिए कोई भी अभ्यर्थी केवल मौसम, जाम या यात्रा संबंधी परेशानी के कारण परीक्षा से वंचित न रहे…इसके लिए समय रहते तैयारी करना बेहद जरूरी है।