देहरादून: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राजधानी देहरादून के गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित करते हुए कहा कि कारगिल के वीर जवानों का साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि परमवीर चक्र से सम्मानित वीरों के लिए दी जाने वाली अनुग्रह राशि को 1.5 करोड़ से बढ़ाकर 2 करोड़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों की भूमि है और राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों तथा शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही शहीदों के आश्रितों के लिए अनुग्रह राशि बढ़ा चुकी है। इसके अलावा वीरता पुरस्कार विजेताओं को आर्थिक सहायता, शहीद परिवारों के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, बेटियों के विवाह में सहायता, परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा और अन्य कई सुविधाएं भी दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि देहरादून में बन रहा सैन्य धाम भी शहीदों की याद को हमेशा जीवित रखेगा।
