रुड़की। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के टोडा खटका गांव में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार किशोरी का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। शनिवार शाम उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी…जिसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी ने प्रेम प्रसंग के चलते कीटनाशक का सेवन किया था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस को किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
