देहरादून : बदरीनाथ धाम में दान चोरी का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है…इस बीच उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने पहली बार इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और जो भी दोषी होगा उसे सजा जरूर मिलेगी।
भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि हर दौर में गलत काम करने वाले लोग रहे हैं…लेकिन ऐसे लोगों को उनके किए की सजा मिलती है उन्होंने विश्वास जताया कि इस मामले में भी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
बदरीनाथ मंदिर में दान राशि की चोरी की घटना के बाद पुलिस जांच कर रही है…इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस घटना में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।
राज्य सरकार ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए एक उच्चस्तरीय जांच समिति बनाई है यह समिति मंदिर की दान व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत भी इस मामले पर अपनी राय रख चुके हैं उन्होंने मंदिरों के बेहतर प्रबंधन और पारदर्शिता की जरूरत पर जोर दिया था।
फिलहाल यह मामला सिर्फ चोरी तक सीमित नहीं है…बल्कि मंदिर प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक बयानों को लेकर भी चर्चा का विषय बना हुआ है…अब सभी की नजर पुलिस जांच और जांच समिति की रिपोर्ट पर है…जिससे पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
