देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने गौ पालन योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब सामान्य वर्ग के पशुपालकों को भी इसमें शामिल करने का फैसला किया है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद योजना का लाभ अधिक लोगों तक पहुंच सकेगा।नई व्यवस्था के तहत अब लाभार्थी गाय के साथ-साथ भैंस खरीदने पर भी अनुदान प्राप्त कर सकेंगे। सरकार ने पशु की यूनिट लागत 40 हजार रुपये से बढ़ाकर 60 हजार रुपये कर दी है।योजना में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लाभार्थियों को पहले की तरह 90 प्रतिशत सब्सिडी मिलती रहेगी। वहीं सामान्य वर्ग के पात्र पशुपालकों को 60 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी और शेष राशि लाभार्थी को स्वयं वहन करनी होगी।सरकार का कहना है कि इस फैसले से अधिक लोग पशुपालन को स्वरोजगार के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित होंगे। इससे किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और पलायन कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।सरकारी अनुमान के अनुसार योजना के विस्तार के बाद पहले वर्ष में दो हजार से अधिक पशुपालकों को इसका लाभ मिल सकता है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की संभावना है।
