देहरादून: डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने गुस्से में पाटल से पत्नी पर हमला कर दिया…जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पति रामजी लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार रामजी लाल मूल रूप से अयोध्या, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह करीब तीन महीने पहले पत्नी और तीन बच्चों के साथ काम की तलाश में देहरादून आया था। परिवार ने लगभग दस दिन पहले मोहनी रोड क्षेत्र में किराये पर कमरा लिया था।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी दोनों राजमिस्त्री का काम करते थे। घटना के दिन रामजी लाल काम पर नहीं गया था। इसी बात को लेकर पत्नी ने उसे काम पर जाने के लिए कहा। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामजी लाल ने पाटल से पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी मौके से चला गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
मृतका की बहन सोनू पाल के मुताबिक, दोनों के बीच पहले किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं थी। हालांकि उन्होंने बताया कि रामजी लाल नशे का आदी था और घटना के समय भी उसके नशे में होने की बात सामने आई है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
