चमोली: नंदानगर में गुरुवार को एक बड़ा भूस्खलन होने से अफरा-तफरी मच गई। सितेल-सुतोल टैक्सी स्टैंड के पास अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर सड़क किनारे गिर गया। मलबे और बड़े पत्थरों की चपेट में आने से वहां खड़े दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। भूस्खलन का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ी से मलबा और पत्थर नीचे गिरते दिखाई दे रहे हैं।
नंदानगर के एसआई मनोज भट्ट के अनुसार टैक्सी स्टैंड के पास अचानक पहाड़ी टूटने से भूस्खलन हुआ। इसकी चपेट में आने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। राहत की बात है कि अभी तक किसी व्यक्ति के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के मुताबिक पहाड़ी से अभी भी मलबा और बड़े पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। सुरक्षा को देखते हुए लोगों से प्रभावित स्थान के आसपास नहीं जाने की अपील की गई है।
चमोली जिले में बारिश के दौरान पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आती रहती हैं। पहाड़ी से मलबा आने के कारण कई बार सड़कें और संपर्क मार्ग बंद हो जाते हैं….जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित होती है।
नंदानगर में हुई इस घटना ने सड़क किनारे संवेदनशील पहाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे स्थानों को पहले से चिन्हित कर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए जाने चाहिए…ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
