ख़बर शेयर करें -

देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) आने वाले महीनों में विभिन्न विभागों के रिक्त पदों पर बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। आयोग का लक्ष्य दिसंबर 2026 से पहले 2,477 नए पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित करना है।

इन भर्तियों में कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, स्केलर, सहायक विकास अधिकारी, संस्कृत शिक्षा विभाग के सहायक अध्यापक, पुलिस, परिवहन और आबकारी विभाग के वर्दीधारी पदों सहित कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने के साथ युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।

यह भी पढ़ें 👉  विकासनगर में गमगीन माहौल: शहीद स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह का पूरे सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

इसके अलावा पहले से लंबित करीब 1,470 पदों की लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक कराने की तैयारी की जा रही है। आयोग का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड : ब्रेक फेल होते ही यात्रियों में मची चीख-पुकार, फिर ऐसे बची सभी की जान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। सरकार का लक्ष्य भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी और समयबद्ध बनाकर अधिक से अधिक युवाओं को अवसर देना है।