ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड सरकार राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (MSME) के विस्तार पर जोर दे रही है। इसी कड़ी में हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में नए उद्योगों के लिए करीब 4,000 एकड़ औद्योगिक भूमि विकसित की जाएगी।

सरकार का उद्देश्य नए निवेश को आकर्षित करना, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है। उद्योग विभाग ने एमएसएमई क्षेत्र के विकास के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है…जिसके तहत नई इकाइयों को भूमि, बुनियादी सुविधाएं, वित्तीय सहायता और आवश्यक स्वीकृतियां समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल : हाईकोर्ट बार एसोसिएशन में आयोजित हुआ एक दिवसीय होली मिलन कार्यक्रम

सरकार ने अगले दो वर्षों में 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश और एक लाख नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए एरोमा, इलेक्ट्रॉनिक्स, प्लास्टिक और स्टार्टअप आधारित उद्योगों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

काशीपुर के एरोमा पार्क, खुरपिया और पराग के इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, सितारगंज के प्लास्टिक पार्क और हरिद्वार, पंतनगर व सेलाकुई में विकसित हो रही फ्लैटेड फैक्ट्री परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। इसके अलावा हरिद्वार के खानपुर में नया औद्योगिक क्षेत्र भी विकसित किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में एमएसएमई इकाइयों को जगह मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में नीम करौली बाबा के स्थापना दिवस पर हुआ विशाल भंडारा

सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश में उद्योगों का विस्तार होगा….स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और उत्तराखंड निवेश के लिए एक मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरेगा।