ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़: सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में पूर्व सैनिकों और पात्र भूतपूर्व महिला कर्मियों के लिए भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) ईको कुमाऊं की ओर से 3 से 8 अगस्त तक देवकटिया ग्राउंड में भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

भर्ती रैली में कुल 69 पदों पर चयन किया जाएगा। इनमें सैनिक (जनरल ड्यूटी) के 49 पद केवल उत्तराखंड के पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा शेफ कम्युनिटी, वाशरमैन, टेलर, इक्विपमेंट रिपेयरर, हेयर ड्रेसर, ब्लैक स्मिथ, क्लर्क, कारपेंटर और हाउस कीपर के पदों पर अखिल भारतीय स्तर के पात्र पूर्व सैनिक आवेदन कर सकेंगे।

भर्ती प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शुरू होगी। 3 अगस्त को दस्तावेजों का सत्यापन 4 अगस्त को शारीरिक दक्षता परीक्षा और 5 से 8 अगस्त तक मेडिकल परीक्षण एवं साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें 👉  एक बच्चे के पिता को इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार नाबालिक को होटल में ले जाकर कर डाली अश्लील हरकतें...

पात्रता
भर्ती में वही पूर्व सैनिक (पेंशनधारक) या भूतपूर्व महिला कर्मी शामिल हो सकेंगे…जिन्होंने पर्यावरण…वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय या उत्तराखंड वन विभाग में कम से कम 20 वर्ष की सेवा की हो। सेवानिवृत्ति या सेवा समाप्त होने के पांच वर्ष के भीतर नामांकन आवश्यक है। अभ्यर्थी की मेडिकल श्रेणी SHAPE-1 तथा चरित्र ‘Exemplary’ या ‘Very Good’ होना चाहिए।

शारीरिक मानक
पुरुष अभ्यर्थियों का न्यूनतम वजन 50 किलोग्राम और महिला अभ्यर्थियों का 42 किलोग्राम होना चाहिए। पुरुषों की न्यूनतम लंबाई 160 सेंटीमीटर (गोरखा एवं गढ़वाली अभ्यर्थियों के लिए 152 सेंटीमीटर) तथा महिलाओं की 150 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। पुरुषों के लिए सीने का न्यूनतम माप 82 सेंटीमीटर और 5 सेंटीमीटर का विस्तार अनिवार्य है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: निचली अदालत से उम्रकैद, हाईकोर्ट से मिली राहत; दो मामलों में बड़ा आदेश

जरूरी दस्तावेज
पूर्व सैनिकों को मूल डिस्चार्ज बुक, पीपीओ, पूर्व सैनिक पहचान पत्र, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र और सात पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो साथ लाने होंगे। वहीं, भूतपूर्व महिला कर्मियों को मूल पेंशन आदेश 20 वर्ष की सेवा का प्रमाण पत्र ,आधार कार्ड,मूल निवास प्रमाण पत्र और सात पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो प्रस्तुत करने होंगे।

चयनित अभ्यर्थियों की सेवा अवधि आवश्यकता के अनुसार वर्ष में अधिकतम आठ माह तक होगी। चयनित कार्मिकों को पद और सेवा समूह के अनुसार मूल वेतन, महंगाई भत्ता तथा अन्य नियमानुसार भत्ते दिए जाएंगे।

130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) ईको कुमाऊं ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ भर्ती रैली में शामिल होने की अपील की है।