रामनगर: उत्तराखंड को नई रेल सेवा की सौगात मिली है केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का शुभारंभ किया…इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़े और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
रामनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि यह ट्रेन कुमाऊं और गढ़वाल के बीच यात्रा को आसान बनाएगी…इससे पर्यटन, व्यापार, रोजगार और आम लोगों की आवाजाही को बढ़ावा मिलेगा…उन्होंने कहा कि भविष्य में इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन की जगह छह दिन कराने और रामनगर से दिल्ली के लिए सुपरफास्ट ट्रेन शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नई रेल सेवा से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा…वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे उत्तराखंड में आधुनिक रेल सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है और यह ट्रेन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नई रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस हर बुधवार और शुक्रवार को सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
यह ट्रेन रास्ते में काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद, हरिद्वार और देहरादून सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी नई रेल सेवा से कुमाऊं क्षेत्र के हजारों यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
