देहरादून: उत्तराखंड में बारिश का दौर अभी जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने 9 से 11 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ जिलों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली और गरज-चमक भी हो सकती है।
9 अगस्त को इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार 9 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
10 अगस्त को चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट
10 अगस्त को भी उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। इस दिन देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
11 अगस्त को इन इलाकों में भारी बारिश का अनुमान
11 अगस्त को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन का खतरा भी बना रह सकता है।
बारिश में यात्रा को लेकर सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी न हो तो भारी बारिश के दौरान यात्रा करने से बचें। पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण सड़क पर मलबा आने, भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
इसके अलावा नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से भी मौसम की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। लोगों से स्थानीय मौसम अपडेट और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
