देहरादून। चमोली जिले के मायापुर-पीपलकोटी क्षेत्र में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में पानी और मलबा घुसने की घटना में तीन मजदूरों की मौत हो गई है। हादसे के बाद टनल के अंदर फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। अब तक 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम निर्माणाधीन टनल में अचानक पानी और मलबा भर गया। उस समय अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे। अचानक हालात बिगड़ने से मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कई लोग टनल के अंदर फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। टनल के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया
बचाव अभियान के दौरान रेस्क्यू टीमों ने 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उन्हें बाहर निकालने के बाद जरूरी चिकित्सा जांच और उपचार की व्यवस्था की गई।
हालांकि हादसे में तीन मजदूरों की जान चली गई। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।
हादसे के बाद एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, आईटीबीपी, सेना और प्रशासन की टीमें बचाव कार्य में जुटीं। मौके पर आवश्यक मशीनरी और अन्य संसाधन भी लगाए गए।
रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल के अंदर की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई, ताकि बचाव दल के जवानों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से लगातार जानकारी ली। उन्होंने राहत और बचाव अभियान को तेजी से चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि टनल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा संस्थान भेजने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
चमोली और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। ऐसे मौसम में टनल में पानी और मलबा आने से बचाव अभियान मुश्किल हो गया। रेस्क्यू टीमों ने सावधानी के साथ अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। हादसा किस वजह से हुआ और टनल में पानी व मलबा अचानक किस तरह पहुंचा…इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।
