ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में बारिश का दौर लगातार जारी है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण भूस्खलन, मलबा आने और बोल्डर गिरने जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर की भी संभावना जताई गई है। इन चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  हरिद्वार में इंसानियत शर्मसार युवक को सड़क से घाट तक पीटती रही भीड़ VIDEO वायरल

वहीं हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में भी गरज-चमक और तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में 14 अगस्त को स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।

इन तीनों जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश रहेगा। इसके साथ ही संबंधित जिलों के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी 14 अगस्त को बंद रहेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  प्रश्नपत्र लीक पड़ा भारी! आरोपी प्रोफेसर पर आजीवन बैन, अगस्त में फिर होगी परीक्षा

लगातार बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में लोगों को मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन भी संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए है। बारिश के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।