विकासनगर। कर्णप्रयाग और नगरासू में हुए विवाद के बाद उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बुधवार को बड़ी संख्या में निहंग सिखों ने हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से उत्तराखंड में प्रवेश करने का प्रयास किया…लेकिन पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के चलते उन्हें कुल्हाल बॉर्डर पर ही रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार निहंग सिखों के उत्तराखंड कूच की घोषणा के बाद से ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट था। 24 जून की शाम से ही कुल्हाल बॉर्डर पर अतिरिक्त पुलिस बल और आईटीबीपी के जवानों की तैनाती कर दी गई थी। बुधवार को जब निहंग सिखों का जत्था सीमा तक पहुंचा तो अधिकारियों ने उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद सभी निहंगों को वापस पांवटा साहिब गुरुद्वारे भेज दिया गया। वहां उत्तराखंड पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे और निहंग प्रतिनिधियों के साथ बातचीत शुरू की। दोनों पक्षों के बीच स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए वार्ता जारी है।
विकासनगर के क्षेत्राधिकारी (सीओ) विवेक सिंह कुटियाल ने बताया कि हिमाचल और उत्तराखंड प्रशासन के अधिकारी लगातार संपर्क में हैं। सीमा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद 16 जून को चमोली जिले के कर्णप्रयाग में हुई एक घटना से जुड़ा हुआ है। बताया गया कि हेमकुंड साहिब से लौट रहे कुछ निहंग श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई।
घटना के बाद कुछ लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई थी। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने चार निहंग सिखों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के विरोध में निहंग संगठनों ने 25 जून को कर्णप्रयाग कूच करने की घोषणा की थीजिसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थीं।
सीमा बनी सुरक्षा छावनी
संभावित तनाव को देखते हुए उत्तराखंड-हिमाचल सीमा को सुरक्षा छावनी में बदल दिया गया है। पुलिस, पीएसी और आईटीबीपी के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है और शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
फिलहाल सीमा क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन हर गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
