देहरादून। उत्तराखंड में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। ऋषिकेश के रहने वाले एक युवक को शादी का झांसा देकर साइबर ठगों ने करीब 40 लाख रुपये की चपत लगा दी। ठगों ने पहले युवक से दोस्ती की…फिर ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपये निवेश करवा लिए।
जानकारी के अनुसार ऋषिकेश निवासी 31 वर्षीय युवक की मार्च 2026 में एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर एक महिला से पहचान हुई। महिला ने खुद को लंदन में रहने वाली और फैशन कारोबार से जुड़ा बताया। कुछ समय बाद दोनों की बातचीत व्हाट्सएप पर होने लगी और धीरे-धीरे दोनों के बीच भरोसा बढ़ गया।
बताया गया कि महिला ने युवक को एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म में निवेश करने की सलाह दी। शुरुआत में युवक ने छोटी रकम निवेश की…जिस पर उसे मुनाफा भी मिला। इससे उसका भरोसा और मजबूत हो गया। इसके बाद उसने बड़ी रकम निवेश कर दी।
कुछ समय बाद ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर युवक को करोड़ों रुपये का मुनाफा दिखाया गया। लेकिन जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो कमीशन, टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर लगातार रकम जमा कराने को कहा गया। युवक और उसके परिवार ने अलग-अलग खातों से लाखों रुपये जमा कर दिए…लेकिन पैसे वापस नहीं मिले।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में ठगों ने वीआईपी अकाउंट एक्टिव करने के नाम पर और पैसे मांगने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं, कथित महिला ने वीडियो कॉल के जरिए परिवार का भरोसा जीतने की भी कोशिश की और शादी का भरोसा दिलाया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप
उधर उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में भी विदेश भेजने के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गदरपुर निवासी एक व्यक्ति ने एक इमिग्रेशन एजेंसी के संचालक पर लाखों रुपये लेने और बाद में रकम वापस न करने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने अपने बेटे को विदेश भेजने के लिए एक एजेंसी से संपर्क किया था। एजेंसी ने पहले कनाडा भेजने का भरोसा दिलाया और इसके लिए मोटी रकम ली। वीजा नहीं मिलने पर अन्य देशों में भेजने का आश्वासन देकर भी पैसे लिए गए।
आरोप है कि कई देशों के वीजा प्रोसेस के नाम पर लगातार धनराशि ली गई, लेकिन विदेश भेजने का काम पूरा नहीं हो सका। जब परिवार ने अपनी रकम वापस मांगी तो कुछ पैसा लौटाया गया…जबकि बाकी राशि अब तक नहीं दी गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
