ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के बाजपुर सिविल न्यायालय में गुरुवार को विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी दीवानी नाजिर शाखा में तैनात बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार एक चेक बाउंस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका था। आरोप है कि न्यायिक प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से 3,500 रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले का सत्यापन किया और कार्रवाई की योजना बनाई।

यह भी पढ़ें 👉  स्टोन क्रशर संचालन पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक

पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी को रुपये दिए। जैसे ही कर्मचारी ने रकम ली…मौके पर मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।

कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए न्यायालय परिसर में हलचल का माहौल बन गया। कुछ अधिवक्ताओं ने कार्रवाई की जानकारी लेने की कोशिश की…जिसके दौरान कहासुनी भी हुई। स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और माहौल शांत कराया।

यह भी पढ़ें 👉  सहकारी बैंकों में भर्ती घोटाले पर HC ने प्रदेश भर के सहकारी बैंकों के सचिवों से मांगा जवाब

गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने साथ ले जाया गया। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।