रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया…जब कुछ बदमाशों ने उप कारागार के बाहर युवकों पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ और सभी युवक सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब दो बजे कई बाइक सवार युवक रुड़की उप कारागार के सामने पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद कुछ युवकों को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बताया जा रहा है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में कुछ लोगों के नाम भी बताए गए हैं। शिकायत के अनुसार जेल में मुलाकात के लिए पहुंचे युवकों पर बाहर निकलते ही हमला किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिसमें घटना के कुछ दृश्य कैद होने की बात सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
