ऋषिकेश/नैनीताल : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ऋषिकेश और नैनीताल पहुंचे
…जहां उन्होंने वन भूमि और लंबे समय से लंबित स्थानीय समस्याओं को लेकर बड़ा बयान दिया।
ऋषिकेश के आईडीपीएल में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वन भूमि और विस्थापित क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए एक एकीकृत योजना (इंटीग्रेटेड फॉर्मूला) तैयार कर रही है। इस योजना का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा…ताकि मंजूरी मिलने के बाद प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।
सीएम धामी ने कहा कि ऋषिकेश के बापू ग्राम के साथ-साथ बिंदुखत्ता, बग्गा-54 और रामनगर के आसपास के कई गांवों की समस्याएं एक जैसी हैं। इन सभी क्षेत्रों के लिए एक साझा योजना बनाई जा रही है…जिससे हजारों परिवारों को भूमि स्वामित्व और बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि वन भूमि से जुड़े मामलों में कानूनी और तकनीकी दिक्कतें आती हैं…इसलिए सरकार ऐसा व्यापक प्रस्ताव तैयार कर रही है जिसे केंद्र सरकार आसानी से मंजूरी दे सके।
इसके बाद मुख्यमंत्री नैनीताल जिले के भीमताल पहुंचे…जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार दूसरी बार भाजपा को सत्ता में लाकर जनता ने उत्तराखंड की पुरानी राजनीतिक परंपरा को बदल दिया है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से उत्तराखंड विकास के नए रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
