रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में काशीपुर बाईपास सड़क को चौड़ा करने की तैयारी के तहत प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। लोक निर्माण विभाग, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने डीडी चौक से गाबा चौक तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया।
अभियान के दौरान अस्थायी निर्माण, शेड, चबूतरे और अन्य अवैध कब्जों को हटाया गया। जिन स्थानों पर पक्के निर्माण हैं…वहां संबंधित लोगों को नियमानुसार समय दिया गया है। जिन मामलों पर अदालत में सुनवाई चल रही है…उन्हें फिलहाल कार्रवाई से अलग रखा गया है।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस बीच कई व्यापारियों ने अभियान का विरोध करते हुए कहा कि त्योहारों के समय इस तरह की कार्रवाई से उनका कारोबार प्रभावित होगा। उनका कहना है…कि सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू होने से पहले परियोजना की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य नियमों के तहत किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य केवल सड़क में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाना है और पूरी प्रक्रिया कानूनी तरीके से पूरी की जा रही है।कुछ समाजसेवियों ने भी कहा कि शहर का विकास जरूरी है…लेकिन जिन लोगों की दुकानें प्रभावित होंगी…उनके पुनर्वास की व्यवस्था भी पहले की जानी चाहिए।
इससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।प्रशासन ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का काम चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आगे आंदोलन कर सकते हैं।
