ख़बर शेयर करें -

खटीमा : उधम सिंह नगर जिले के खटीमा के बिरिया मझोला क्षेत्र में दो जंगली हाथियों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लड़ते-लड़ते दोनों हाथी आबादी के करीब पहुंच गए…इस दौरान एक हाथी अचानक आक्रामक हो गया और पास में पानी में मौजूद भैंसों के झुंड पर हमला कर दिया।
हमले में एक भैंस हाथी की चपेट में आ गई। हाथी ने उसे सूंड़ और दांतों से उठाकर कई बार जमीन पर पटका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृत भैंस बिरिया मझोला निवासी अब्दुल करीम गुर्जर की बताई जा रही है…घटना का वीडियो भी स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन दरोगा अवतार सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने दोनों हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ दिया। इसके बाद वन विभाग ने जंगल से लगे गांवों में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
वन विभाग ने कहा है कि यदि कहीं भी हाथी दिखाई दें तो तुरंत विभाग को सूचना दें और किसी भी स्थिति में उनके पास जाने की कोशिश न करें।
भैंस की मौत के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की है…साथ ही क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती आवाजाही पर रोक लगाने और लोगों की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग भी की है…घटना के बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉  दीदी कैफे से लेकर लाभ वितरण तक, सीएम धामी का पूरा विकास फोकस सामने आया