पिथौरागढ़। जिले में पांच साल की मासूम बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची के लापता होने के बाद पुलिस ने तुरंत कई टीमों का गठन किया और शहरभर के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने बच्ची को कुछ ही घंटों में सुरक्षित बरामद कर लिया। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद मामले में गंभीर धाराएं और पॉक्सो एक्ट जोड़ा गया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की और देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी यौन अपराध के मामले में जेल जा चुका था और हाल ही में रिहा हुआ था। पुलिस ने कहा है कि मामले में सख्त कार्रवाई कर आरोपी को कड़ी सजा दिलाने के लिए मजबूत पैरवी की जाएगी।
