खटीमा : उत्तराखंड के खटीमा वन रेंज के चकरपुर क्षेत्र में शारदा नहर के पास जंगल में एक वयस्क नर हाथी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मृत हाथी की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष आंकी जा रही है। हाथी की मौत किस वजह से हुई…इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार रात इस इलाके में हाथियों का एक झुंड देखा गया था। झुंड ने आसपास के क्षेत्र में नुकसान भी पहुंचाया था। रविवार सुबह लोगों ने खेत के पास हाथी को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर सभी जरूरी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
