ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड के लिए एक बड़ी परिवहन परियोजना को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक नमो भारत ट्रेन (आरआरटीएस) चलाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने हेतु जल्द सर्वे शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के बाद उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के बीच इस परियोजना को लेकर सहमति बन गई है। इसके तहत नमो भारत ट्रेन के मौजूदा नेटवर्क को मेरठ से ऋषिकेश तक विस्तार दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड : जसपाल राणा की मां की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के अस्पताल में भर्ती, परिवार में चिंता

जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित रेल कॉरिडोर की कुल लंबाई लगभग 150 किलोमीटर होगी। इसमें 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में आएगा। यह रेल मार्ग मेरठ के मोदीपुरम से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा।

इस परियोजना के शुरू होने से उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को तेज और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने में सड़क मार्ग से करीब 5 से 6 घंटे का समय लगता है, जबकि नमो भारत ट्रेन के संचालन के बाद यह सफर लगभग ढाई से तीन घंटे में पूरा हो सकेगा।

यह भी पढ़ें 👉  शर्मनाक घटना! दिव्यांग युवक को सड़क पर गिराकर पीटा, वायरल वीडियो ने खोली दबंगों की करतूत

परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखंड सरकार और एनसीआरटीसी ने अपने-अपने नोडल अधिकारी भी नियुक्त कर दिए हैं। अब डीपीआर तैयार करने के लिए सर्वे का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार राज्य की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे पर्यटन, तीर्थाटन और स्थानीय आवागमन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही प्रदेश में विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।