देहरादून। हाल के दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में हुई अग्निकांड की घटनाओं के बाद उत्तराखंड सरकार ने सार्वजनिक भवनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सभी अस्पतालों, बड़े मॉल्स, होटलों, कोचिंग सेंटरों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी ऑडिट कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पाई जाएगी, उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सार्वजनिक और व्यावसायिक भवनों की विस्तृत जांच की जाए। इस दौरान फायर सेफ्टी उपकरणों की स्थिति, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और आपदा के समय सुरक्षित निकासी की तैयारियों का विशेष परीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि अग्निशमन विभाग, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से जांच प्रक्रिया पूरी करें।
सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश में किसी भी संभावित अग्निकांड से पहले ही सुरक्षा मानकों को मजबूत किया जाए, ताकि जनहानि की आशंका को कम किया जा सके।
इससे पहले मुख्य सचिव ने भी सभी विभागों को निर्देश दिए थे कि सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
